औंद में नाके पर गाड़ी से बाहर फेंक भागे आरोपी जवाली पुलिस थाना क्षेत्र में एक लड़की का पिस्तौल के दम पर अपहरण कर लिया गया। आरोपी जम्मू-कश्मीर नंबर...
हिमाचल प्रदेश के जवाली में पिस्तौल के दम पर लड़की का अपहरण
औंद में नाके पर गाड़ी से बाहर फेंक भागे आरोपी
जवाली पुलिस थाना क्षेत्र में एक लड़की का पिस्तौल के दम पर अपहरण कर लिया गया। आरोपी जम्मू-कश्मीर नंबर के वाहन में सवार होकर आए थे। लड़की के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग सतर्क हो गए। पुलिस ने तलाश अभियान शुरू कर दिया और लोगों ने भी अपने पर स्तर नाका लगाया। औंद में नाके पर आरोपी लड़की को गाड़ी से बाहर फेंक गए। इससे कुछ दूरी पर आरोपी गाड़ी को भी सड़क किनारे छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। लड़की के भाई शेर अली ने बताया कि बुधवार दोपहर को वे ट्रैक्टर से मिरथल अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान जब वे बसंतपुर पहुंचे तो जम्मू-कश्मीर नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो उनके ट्रैक्टर के पास आकर रुकी। इसमें सवार एक आरोपी ने पिस्तौल के दम पर उनकी बहन को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। मौके से भागते समय उन्होंने कई वाहनों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के तुरंत बाद उन्होंने जवाली पुलिस थाना में सूचना दी।
आरोपी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर जंगल की ओर भागे
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद टीमों को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया। आरोपी चंबा रोड की तरफ भागे और वहां पर औंद में स्थानीय लोगों ने युवती के अपहरण की सूचना मिलने के चलते अपने स्तर पर नाका लगा दिया था। इस नाके को भी आरोपियों ने तोड़ दिया और लड़की को गाड़ी से धक्का देकर बाहर फेंक दिया। इससे लड़की की टांग में चोट आई है। कुछ दूरी पर आरोपी गाड़ी को भी सड़क किनारे खड़ा कर जंगल की ओर भाग गए। स्थानीय लोगों ने इसकी पुलिस को सूचना दी और लड़की को नूरपुर अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा। जवाली के डीएसपी वीरी सिंह ने बताया कि पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश में टीमों को भेजा था। लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।