चुराह (चंबा)। उपमंडल की ग्राम पंचायत चीह के गांव चीह में मंगलवार देर रात को हुई मूसलाधार बारिश के कारण किसानों की खड़ी मक्की की फसल खेतों में बिछ गई।...
चुराह में भारी बारिश से चुराह में मक्की को नुकसान
चुराह (चंबा)। उपमंडल की ग्राम पंचायत चीह के गांव चीह में मंगलवार देर रात को हुई मूसलाधार बारिश के कारण किसानों की खड़ी मक्की की फसल खेतों में बिछ गई।
तेज हवा और बारिश के चलते फसलें जमीन पर गिर गईं जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों में अमन कुमार, दलीप कुमार, किशन चंद, प्रताप चंद, विजय कुमार, अमित कुमार ने बताया कि चुराह क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी मक्की की फसल को नुकसान पहुंचा है। अभी मक्की की फसल खेतों में पक कर तैयार होने वाली थी। समय से पहले फसल के गिर जाने से उपज में भारी गिरावट आने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि मक्की उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और सर्दियों में यह पशुओं के चारे के काम आती है। फसल खराब होने से अब उन्हें चारे की दिक्कत का भी सामना करना पड़ेगा। बारिश ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है। उधर, कृषि उपनिदेशक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार करवाने के लिए जल्द टीम मौके पर भेजी जाएगी।