मौसम बिगड़ने पर प्रशासन ने तीन दिन के लिए श्रद्धालुओं को मणिमहेश जाने से रोगा मार्ग की बहाली और हालात सुधरने के बाद लिया जाएगा मणिमहेश भेजने का निर्ण...
होली हेलीपैड में उतरा हेलिकाप्टर, मणिमहेश यात्रियों को मिलेगी सुविधा
मौसम बिगड़ने पर प्रशासन ने तीन दिन के लिए श्रद्धालुओं को मणिमहेश जाने से रोगा
मार्ग की बहाली और हालात सुधरने के बाद लिया जाएगा मणिमहेश भेजने का निर्णय
होली (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के बीच श्रद्धालुओं की हवाई आवाजाही की तैयारियां तेज हो गई हैं। होली हेलीपैड में हेलिकाप्टर पहुंच गया है। इसके पहुंचने से मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को हवाई सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। प्रशासन के अनुसार होली से हेलिकाप्टर सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी।
हालांकि, मौसम और यात्रा मार्ग की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर तीन दिन के लिए मणिमहेश जाने पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को मणिमहेश भेजने का निर्णय मौसम और मार्ग की स्थिति का जायजा लेने के बाद ही लिया जाएगा। मणिमहेश यात्रा के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु चंबा पहुंचते हैं। ऐसे में होली हेलीपैड में हेलिकाप्टर के पहुंचने से भरमौर क्षेत्र में हवाई सेवा की तैयारियां पूरी होने लगी हैं। हवाई सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को यात्रा क्षेत्र में आवाजाही के लिए सुविधा मिल सकेगी। प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि होली से हेलिकाप्टर सेवा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं, इसलिए तीन दिन के लिए मणिमहेश जाने पर रोक लगाई गई है। हालात सामान्य होने के बाद ही यात्रा बहाल करने का फैसला लिया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि श्रद्धालु अभी मणिमहेश का रुख न करें। प्रशासन के आधिकारिक निर्देशों का इंतजार करें। मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति अनुकूल होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल आधिकारिक तौर पर मणिमहेश यात्रा शुरू नहीं हुई है।