नगर परिषद डलहौजी की अध्यक्ष वंदना चड्ढा ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुभाष चौक और गांधी चौक का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दो...
सुभाष-गांधी चौक पर जगमगाएंगी हाई मास्ट लाइट
नगर परिषद डलहौजी की अध्यक्ष वंदना चड्ढा ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुभाष चौक और गांधी चौक का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों चौकों पर हाई मास्ट लाइटें स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित करने के साथ सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया गया। मौके पर हाई मास्ट लाइटों की स्थापना को लेकर तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई। वंदना चड्ढा ने कहा कि सुभाष चौक और गांधी चौक डलहौजी के प्रमुख स्थलों में शामिल हैं। दोनों चौकों को चरणबद्ध तरीके से विकसित कर आकर्षक बनाया जाएगा। हाई मास्ट लाइटें लगने से प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने के साथ रात के समय चौकों का स्वरूप भी निखरेगा। उन्होंने कहा कि गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को सम्मानजनक ढंग से पुराने स्थान पर पुन: स्थापित किया जाएगा। इसके साथ चौक का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
डलहौजी को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि डलहौजी को स्वच्छ, सुंदर और विकसित मॉडल शहर के रूप में नई पहचान दिलाना उनका उद्देश्य है। इसके लिए प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एनएचपीसी के जेई अनिल चौधरी, जल शक्ति विभाग के जेई रविंद्र सिंह, यातायात प्रभारी बिशंभर, नगर परिषद के जेई संजीव शर्मा सहित विद्युत विभाग और नगर परिषद के कर्मचारी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।