लंगेरा-सुंडला-बनीखेत मार्ग पर तलेरू के समीप पहाड़ी दरकने से हुए भूस्खलन के कारण शनिवार रात करीब आठ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मार्ग बंद होने से...
तलेरू में दरकी पहाड़ी, आठ घंटे यातायात ठप
लंगेरा-सुंडला-बनीखेत मार्ग पर तलेरू के समीप पहाड़ी दरकने से हुए भूस्खलन के कारण शनिवार रात करीब आठ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मार्ग बंद होने से सैकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंस गए, जिससे यात्रियों को देर रात तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे तलेरू के पास पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टान सडक़ पर आ गिरी, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।
घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों तक सडक़ खुलने का इंतजार करते रहे। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा व चट्टान हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद विभाग ने रविवार तडक़े करीब तीन बजे सडक़ पर गिरी विशाल चट्टान को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया। इसके बाद फंसे हुए वाहनों ने अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होना शुरू किया।
आवागमन में कठिनाइयां
उल्लेखनीय है कि मानसून के शुरुआती दौर में ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और पहाड़ दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके कारण कई संपर्क मार्ग बार-बार बाधित हो रहे हैं, जिससे आम लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।