हिम क्वेस्ट-2026 लांच, टॉपर करेंगे इसरो की सैर

हिमाचल प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मिनर्वा स्टडी सर्किल ने हिम क्वेस्ट-2026 प्रतिभा खोज परीक्षा का शुभ...

हिम क्वेस्ट-2026 लांच, टॉपर करेंगे इसरो की सैर

हिम क्वेस्ट-2026 लांच, टॉपर करेंगे इसरो की सैर

हिमाचल प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मिनर्वा स्टडी सर्किल ने हिम क्वेस्ट-2026 प्रतिभा खोज परीक्षा का शुभारंभ किया। परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढऩे का अवसर प्रदान किया जाएगा। पालमपुर के विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने मुख्यातिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।

मिनर्वा स्टडी सर्किल के मुख्य प्रबंध निदेशक राकेश चंदेल ने बताया कि हिम क्वेस्ट-2026 केवल परीक्षा नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान और प्रोत्साहन देने का अभियान है। परीक्षा के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। इच्छुक विद्यार्थी वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 27 सितंबर, 2026 को प्रदेशभर में ऑफलाइन आयोजित होगी। इसमें आठवीं, नौवीं, दसवीं तथा 11वीं-12वीं विज्ञान वर्ग के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

जिला टॉपर को मिलेगा विशेष सम्मान

प्रत्येक जिला के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। जिला के टॉपर को डिजिटल लेखन पट्टिका भेंट की जाएगी। संस्था का मानना है कि इस प्रकार का सम्मान आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी प्रेरित करेगा।

प्रथम स्थान पाने वालों को ट्यूशन फी पर स्कॉलशिप

इस परीक्षा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सभी वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष अनुसंधान संस्था भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक गतिविधियों और अंतरिक्ष अनुसंधान की दुनिया को करीब से जानने का मौका मिलेगा। इसके अलावा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्यूशन शुल्क पर 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।