HP Panchayat Election: पंचायतीराज संस्थाओं की अंतिम वोटर लिस्ट जारी, आज लग सकती आचार संहिता

राज्य निर्वाचन आयोग मंगलवार को पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का शेड्यूल जारी कर सकता है। चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।...

HP Panchayat Election: पंचायतीराज संस्थाओं की अंतिम वोटर लिस्ट जारी, आज लग सकती आचार संहिता

HP Panchayat Election: पंचायतीराज संस्थाओं की अंतिम वोटर लिस्ट जारी, आज लग सकती आचार संहिता

राज्य निर्वाचन आयोग मंगलवार को पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का शेड्यूल जारी कर सकता है। चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज संस्थाओं की फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी है। प्रदेश की पंचायतों में करीब 51 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 50 हजार मतदाता भी शामिल हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इस बार बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाने की भी तैयारी है। राज्य निर्वाचन आयोग मंगलवार को पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का शेड्यूल जारी कर सकता है।  चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेशभर में मतदान के लिए आवश्यक सामग्री, विशेषकर मतपेटियों को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम तक पहुंचा दिया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी। इस बार करीब 56 हजार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। ये कर्मचारी विभिन्न चरणों में मतदान, मतगणना और अन्य व्यवस्थाओं को संभालेंगे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखकर 15 हजार पुलिस कर्मियों की मांग की है। चुनाव के दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।

आयोग के अधिकारियों का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद राजनीतिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। संभावित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं और मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। ऐसे में आगामी दिनों में चुनावी माहौल और गर्माने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत राठौर ने बताया कि फाइनल मतदाता सूचियां जारी करने की 28 अप्रैल अंतिम तारीख तय की गई थी। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने सूचियां जारी कर दी है।