हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चालक-परिचालक यूनियन और सरकार के बीच मांगों को लेकर वार्ता में सहमति नहीं बन पाई है। मंगलवार को एसीसी (परिवहन) के स...
नहीं माने एचआरटीसी कर्मी, आज से करेंगे हड़ताल, सरकार ने लगाया एस्मा, नई भर्ती का एलान
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चालक-परिचालक यूनियन और सरकार के बीच मांगों को लेकर वार्ता में सहमति नहीं बन पाई है। मंगलवार को एसीसी (परिवहन) के साथ आयोजित बैठक बेनतीजा रहने के बाद यूनियन ने 24 जून की मध्यरात्रि 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया। हड़ताल के एलान के बीच हिमाचल सरकार ने प्रदेश में छह महीने के लिए एस्मा लागू कर कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। हालांकि, कर्मचारी अपने फैसले पर अडिग हैं। उधर, राज्य सरकार ने बस सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए बुधवार से 656 अस्थायी चालकों की भर्ती शुरू करने का फैसला किया है। निजी ऑपरेटर मदद को सरकार के समर्थन में उतर आए हैं।
राज्य सचिवालय में हुई बैठक में चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह का तबादला आदेश रद्द करने की मांग भी उठी। इस पर कोई सहमति न बनने के बाद यूनियन के पदाधिकारी कमरे से बाहर चले गए। वार्ता विफल रहने के बाद कर्मचारियों ने शिमला के पुराने बस अड्डा परिसर में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में एचआरटीसी की करीब 2800 बसें हैं, जिसके 12,000 कर्मचारी 24 जून मध्यरात्रि से हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यूनियन ने सभी डिपो कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने को कहा है। लोगों से भी बुकिंग रद्द करने की अपील की है। बता दें कि एचआरटीसी कर्मचारी नाइट ओवरटाइम भत्ते के भुगतान, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों की अदायगी व लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान समेत कई अन्य मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं।