चौरासी व्यापार मंडल भरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नवनियुक्त एडीएम विकास शर्मा और एसडीएम अजय कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें शॉल, हिमाचली टोपी...
मणिमहेश यात्रा के लिए बिजली, सडक़ और पार्किंग व्यवस्था को करो बेहतर
चौरासी व्यापार मंडल भरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नवनियुक्त एडीएम विकास शर्मा और एसडीएम अजय कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें शॉल, हिमाचली टोपी और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान व्यापार मंडल ने स्थानीय व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं के साथ आगामी पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का आग्रह किया। व्यापार मंडल ने बिजली, पेयजल, सडक़, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई। साथ ही चौरासी मंदिर परिसर, कार्तिक स्वामी मंदिर, बनी माता मंदिर, भरमाणी माता मंदिर और पवित्र श्री मणिमहेश डल झील सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। एडीएम विकास शर्मा और एसडीएम अजय कुमार ने व्यापार मंडल की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुचारु एवं सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्य देशराज शर्मा, प्रधान महेंद्र पटियाल, सचिव अभिलाष पटियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन पटियाल, कोषाध्यक्ष कालू शर्मा और प्रेस सचिव प्यार शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।