मां बगलामुखी मंदिर परिसर में रेलिंग से गिरकर आईटीबीपी जवान की मौत

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। मां बगलामुखी मंदिर बनखंडी में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक हादसे में आईटीबीपी के एक जवान की जान चली गई। मंदिर परिसर में आरती के...

मां बगलामुखी मंदिर परिसर में रेलिंग से गिरकर आईटीबीपी जवान की मौत

मां बगलामुखी मंदिर परिसर में रेलिंग से गिरकर आईटीबीपी जवान की मौत

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। मां बगलामुखी मंदिर बनखंडी में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक हादसे में आईटीबीपी के एक जवान की जान चली गई। मंदिर परिसर में आरती के दौरान रेलिंग के पास खड़े जवान का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 30 फुट नीचे शिव मंदिर के पास सिर के बल जा गिरा। सिर पर गंभीर चोट आने और अत्यधिक खून बहने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय राजीव सिंह पुत्र जगदीश चंद, निवासी कमलाह (डाकघर नेरी, जिला हमीरपुर) के रूप में हुई है। राजीव सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। मंगलवार सुबह वह अपने परिवार के साथ मां बगलामुखी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना और हवन करवाने पहुंचे थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह जब मंदिर में आरती हो रही थी, तब राजीव मंदिर अधिकारी कार्यालय के पास रेलिंग के सहारे खड़े थे। इसी बीच अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जा गिरे। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं और मंदिर कर्मियों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।