कांगड़ा बना हिमाचल की असंगठित अर्थव्यवस्था का पावरहाउस, 1.80 लाख को दिया रोजगार

हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला कांगड़ा असंगठित अर्थव्यवस्था का पावरहाउस बनकर उभरा है। केंद्र सरकार के पहले जिला-स्तरीय गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों...

कांगड़ा बना हिमाचल की असंगठित अर्थव्यवस्था का पावरहाउस, 1.80 लाख को दिया रोजगार

कांगड़ा बना हिमाचल की असंगठित अर्थव्यवस्था का पावरहाउस, 1.80 लाख को दिया रोजगार

हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला कांगड़ा असंगठित अर्थव्यवस्था का पावरहाउस बनकर उभरा है। केंद्र सरकार के पहले जिला-स्तरीय गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण-2025 के अनुसार प्रदेश के कुल गैर-निगमित गैर-कृषि प्रतिष्ठानों में अकेले कांगड़ा की हिस्सेदारी 19.02 फीसदी है। यानी हिमाचल के करीब हर पांचवां छोटा कारोबार कांगड़ा में संचालित हो रहा है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से सितंबर में जारी रिपोर्ट में 770 जिलों के सैंपलिंग फ्रेम में शामिल 757 जिलों के लिए प्रतिष्ठानों, कामगारों, स्वामित्व, महिला भागीदारी, पंजीकरण और पारिश्रमिक जैसे प्रमुख संकेतकों के अनुमान जारी किए गए हैं। कांगड़ा में 1,01,813 गैर-निगमित प्रतिष्ठान संचालित हैं, जिनसे करीब 1.80 लाख लोगों को रोजगार मिला हुआ है। प्रतिष्ठानों की संख्या और रोजगार कांगड़ा प्रथम प्रतिष्ठानों की संख्या और रोजगार, दोनों मामलों में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। राज्य के आंकड़ों के अनुसार 2023-24 में हिमाचल में कुल 5.38 लाख गैर-निगमित गैर-कृषि प्रतिष्ठान सक्रिय थे, जिनसे 8.10 लाख लोग जुड़े थे। एक साल में प्रतिष्ठानों की संख्या में 3.8 फीसदी और रोजगार में 6.9 फीसदी की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट का एक अहम पहलू गैर-निगमित कारोबार का डिजिटल विस्तार भी है। एसबीआई रिसर्च के विश्लेषण के अनुसार हिमाचल के 68.2 फीसदी गैर-निगमित प्रतिष्ठान इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह अनुपात देश के प्रमुख राज्यों में सबसे अधिक बताया गया है। यानी प्रदेश के करीब हर तीन में से दो छोटे कारोबार डिजिटल माध्यम से जुड़े हैं।