करियां पंचायत, लापरवाही ने धुंधली कर दी स्वच्छता की छवि

करियां पंचायत को कभी स्वच्छता मॉडल के तौर पर पहचाना जाता था। आज वही पहचान सवालों के घेरे में है। गांव के ही कुछ लोगों की लापरवाही अब पंचायत की साफ-सुथ...

करियां पंचायत, लापरवाही ने धुंधली कर दी स्वच्छता की छवि

करियां पंचायत, लापरवाही ने धुंधली कर दी स्वच्छता की छवि

करियां पंचायत को कभी स्वच्छता मॉडल के तौर पर पहचाना जाता था। आज वही पहचान सवालों के घेरे में है। गांव के ही कुछ लोगों की लापरवाही अब पंचायत की साफ-सुथरी छवि को धुंधला कर रही है।
घरों का कचरा बैगों में भरकर खुले नाले में फेंके जाने की बढ़ती प्रवृत्ति ने न सिर्फ गंदगी का ढेर खड़ा कर दिया है, बल्कि आने वाले समय में स्वास्थ्य संकट की आशंका भी बढ़ा दी है। प्रशासनिक चेतावनियों के बावजूद स्थिति में सुधार न होना स्थानीय व्यवस्था और जागरूकता दोनों पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

पंचायत के लोग घरों से गीला-सूखा कचरा थैलों में भरकर नाले में फेंक देते हैंं। लोगों से अपील की गई है कि वे कचरे को सिर्फ कूड़ेदान में डालें। सुबह और शाम को लोग सड़क के किनारे नाले में कचरा ठिकाने लगा रहे हैं। इससे कचरे के अंबार लग चुके हैं। यही कचरा पर्यावरण को भी दूषित कर रहा है। इस वजह से लोग बीमारी की चपेट में भी आ सकते हैं क्योंकि गर्मी के मौसम में कचरे में बीमारी फैलाने वाले मक्खी मच्छर पनपने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में यदि लोगों ने कचरे को सही से निष्पादित करने को लेकर अपनी जिम्मेदारी नहीं समझी तो आने वाले समय में इसके परिणाम घातक भी हो सकते हैं।

करियां में कचरा फैलने की सच्चाई का पता लगाने का प्रयास किया तो इसके पीछे स्थानीय लोग व दुकानदार ही जिम्मेदार नजर आए। लोग पैदल और वाहनों में सवार होकर कचरे से भरे बैग लेकर खुले में फेंकने पहुंच रहे थे। न तो उन्हें ऐसा करने से कोई रोकने वाला मौजूद था और न ही लोग इस बात से चिंतित थे कि यही कचरा उनके पर्यावरण को दूषित कर सकता है। उन्हें सिर्फ यही जल्दबाजी लगी हुई थी कि उनके घर का कचरा कहीं न कहीं ठिकाने लग जाए।

--
कचरा खुले में फैलाने को लेकर पंचायत प्रधान व सचिव को पहले भी दो बार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से नोटिस मिल चुके हैं लेकिन पंचायत ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जिससे वहां पर स्वच्छता का माहौल बन सके।
--
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में खुले में कचरा फेंके जाने की बात लाई गई है। जल्द ही कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर पंचायत के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।