खाद्य सुरक्षा विभाग चंबा की ओर से सोमवार को हलवाई एसोसिएशन और विभिन्न खाद्य पदार्थ विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त...
मिठाई-पनीर बेचने से पहले लाइसेंस जरूरी
खाद्य सुरक्षा विभाग चंबा की ओर से सोमवार को हलवाई एसोसिएशन और विभिन्न खाद्य पदार्थ विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने की। बैठक में आगामी त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने को लेकर विभाग की रणनीति पर चर्चा की गई। दीपक आनंद ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाहरी क्षेत्रों से आने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। विभाग का उद्देश्य बाजार में मिलावटी और अमानक खाद्य उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। उन्होंने मौसमी खाद्य विक्रेताओं को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि कई सब्जी विक्रेता, करियाना दुकानदार और अन्य व्यापारी त्योहारी सीजन में मिठाई, फैनी, मठ्ठी, पनीर आदि खाद्य पदार्थ बेचने लगते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यापारियों के पास खाद्य सुरक्षा का वैध लाइसेंस या पंजीकरण नहीं है, वे खाद्य सामग्री की बिक्री तुरंत बंद करें। बिना लाइसेंस या नियमों की अवहेलना कर खाद्य उत्पाद बेचते पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य विक्रेताओं से व्यवसाय में नैतिकता बरतने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने की अपील की। साथ ही आम लोगों से भी कम कीमत के बजाय खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता और शुद्धता को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरी और अस्वस्थ खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारी सीजन में विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। मिलावट पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।