स्कूलों में लाइफ स्किल्स शिक्षा होगी और बेहतर

आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित लाइफ स्किल्स एजुकेशन कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को खंड विकास कार्याल...

स्कूलों में लाइफ स्किल्स शिक्षा होगी और बेहतर

स्कूलों में लाइफ स्किल्स शिक्षा होगी और बेहतर

आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित लाइफ स्किल्स एजुकेशन कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को खंड विकास कार्यालय तीसा के सम्मेलन कक्ष में स्कूल प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) चुराह राजेश जर्याल ने की। एसडीएम राजेश जर्याल ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों का केवल शैक्षणिक विकास ही नहीं, बल्कि उनका सामाजिक, भावनात्मक और व्यवहारिक विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी स्कूल प्रमुखों से कार्यक्रम को गंभीरता और गुणवत्तापूर्वक लागू करने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, संवाद कौशल, निर्णय क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर बल दिया। खंड विकास अधिकारी तीसा ने विद्यालयों में कार्यक्रम का नियमित संचालन, समयबद्ध रिपोर्टिंग, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का क्रियान्वयन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

बैठक में कार्यक्रम के दूसरे वर्ष की कार्ययोजना, शिक्षकों के आगामी प्रशिक्षण, विद्यालयों में नियमित सत्रों के संचालन, मॉनिटरिंग तथा शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, बाल संरक्षण, तंबाकू निषेध जागरूकता और सुरक्षित विद्यालयी वातावरण जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में तीसा और कल्हेल शिक्षा खंड के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, ब्लॉक परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा), खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ), लाइफ स्किल्स एजुकेशन कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर्स तथा जेएसपी फेलो उपस्थित रहे।