श्री मणिमहेश यात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने शुक्रवार को चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का निरीक्षण किया। इस द...
मणिमहेश यात्रा; प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्री मणिमहेश यात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने शुक्रवार को चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धरवाला, बत्ती की हट्टी, दुर्गेठी सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर गत वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हिस्सों पर चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का जायजा लिया। उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर चट्टानें या पत्थर गिरने की आशंका है, वहां समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं और ढीले पत्थरों को हटाया जाए, ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुरक्षित और निर्बाध बना रहे। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राहुल कूरी ने बताया कि चंबा से भरमौर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 अति संवेदनशील स्थलों की पहचान की गई है।
इन स्थानों पर सडक़ को सुचारु रखने के लिए 12 से 13 मशीनें तैनात की गई हैं। इसके अलावा प्रत्येक पांच किलोमीटर की दूरी पर एक मशीन उपलब्ध करवाई गई है, ताकि मार्ग बाधित होने की स्थिति में उसे तुरंत बहाल किया जा सके। बत्ती की हट्टी, चूड़ी और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे दो-दो मशीनें तैनात रहेंगी। साथ ही इन क्षेत्रों में दो-दो फ्लैगमैन भी नियुक्त किए जाएंगे, जो भूस्खलन या पत्थर गिरने की स्थिति में यात्रियों और वाहन चालकों को समय पर सतर्क करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की जा रही है। साथ ही क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है, ताकि स्थानीय लोगों और श्री मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा मिल सके।