अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने प्रतिकूल मौसम के बावजूद रविवार को श्री मणिमहेश यात्रा 2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं का धरातल पर जायजा...
मणिमहेश यात्रा…सडक़,पानी और सुरक्षा पर फोकस
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने प्रतिकूल मौसम के बावजूद रविवार को श्री मणिमहेश यात्रा 2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं का धरातल पर जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न यात्रा पड़ावों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग के चौड़ीकरण व सुधारीकरण कार्यों के साथ श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं। साथ ही मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। एडीएम ने विभिन्न यात्रा पड़ावों और मार्ग पर पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा यात्रा मार्ग की सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।