एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने सोमवार को मणिमहेश यात्रा के दौरान मैहला पुलिस बैरियर का दौरा कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके...
मणिमहेश यात्रा; सुरक्षा पर फोकस, रहें सतर्क
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने सोमवार को मणिमहेश यात्रा के दौरान मैहला पुलिस बैरियर का दौरा कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने, पूरी सतर्कता बरतने तथा सहयोग और सेवा भाव के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जवानों को यात्रा के दौरान कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पूरी मुस्तैदी से कार्य करने को कहा। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने में मदद मिलेगी। मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुचारू यात्रा सुनिश्चित करना चंबा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि मैहला बैरियर पर श्रद्धालुओं के पंजीकरण की जांच के साथ यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सोमवार सुबह एसपी ने बैरियर का निरीक्षण कर मौके की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।