नायब तहसीलदार होली देवेंद्र कुमार ने होली वाया कलाह मणिमहेश पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग...
मणिमहेश यात्रा; मार्ग की व्यवस्थाएं जांचीं
नायब तहसीलदार होली देवेंद्र कुमार ने होली वाया कलाह मणिमहेश पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग की स्थिति देखी और श्रद्धालुओं को पेश आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मंडी, सरकाघाट, जोगिंद्रनगर, बैजनाथ सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु झिकली तियारी और उपरली तियारी तक इस मार्ग का अधिक उपयोग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उपरली तियारी से कलाह के बीच दो स्थानों पर छोटे भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध पाया गया, जिसे लोक निर्माण विभाग ने बहाल कर दिया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि उपरली तियारी से कलाह के बीच कुछ स्थानों पर पेयजल की समस्या भी सामने आई है। इस संबंध में जल शक्ति विभाग को अवगत करवाकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मार्ग पुराना और संकरा होने के कारण कुछ स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी हो सकती है। इस वर्ष अधिक बारिश के कारण पैदल मार्ग के कुछ हिस्सों में घास भी काफी बढ़ गई है, जिससे यात्रियों को दिक्कत हो सकती है। संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। मार्ग में सामने आ रही समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।