शिमला के सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मनीषा पहले ही जान को खतरा होने की आशंका जता चुकी थीं...
मनीषा ने जान को बताया था खतरा, 112 और पुलिस से की थी शिकायत; सुरक्षा की मांग भी की थी
शिमला के सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मनीषा पहले ही जान को खतरा होने की आशंका जता चुकी थीं और पुलिस से सुरक्षा मांग चुकी थीं। पुलिस संपत्ति विवाद, प्रबंधन संघर्ष और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
राजधानी शिमला के सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल ने पहले ही अपनी हत्या की आशंका जता दी थी। इसको लेकर उन्होंने कई बार सोशल मीडिया पर आकर अपनी बात भी रखीं थी। पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने चार अप्रैल को पत्रकारवार्ता भी की थी। मनीषा ने 112 हेल्पलाइन नंबर और पुलिस से भी संपर्क करके सुरक्षा की मांग की थी। वह कुछ महीनों से स्कूल परिसर में ही रह रहीं थीं। पुलिस अब संपत्ति विवाद समेत आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं को लेकर छानबीन कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने स्कूल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं क्राइम सीन को भी पूरी तरह से सील कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर हत्या की धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक की जांच में पता चला है कि शनिवार शाम 6:00 से 6:30 बजे के बीच वह पास की दुकान से जरूरी सामान लेकर लौट रहीं थीं। इस दौरान गेट नंबर एक के पास उन पर हमलावरों ने गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया। आसपास के लोगों ने इस दौरान तीन गोलियां चलने की आवाज सुनीं। लोग जब तक घरों से बाहर निकलते हमलावर मौके से भागने में कामयाब हो गए थे। इसके बाद कुछ लोगों ने घटनास्थल के कुछ दूरी से वीडियो भी बनाए। इनके शव के पास ही सामान का पैकेट भी पड़ा था। इसके अलावा उनके पुराने वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता की मौत को भी संदिग्ध बताया था। घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि मनीषा मित्तल ने उनसे बातचीत के दौरान अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने बताया कि उनका रिश्तेदार के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मनीषा कई बार सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय भी गईं थी। उन्होंने कहा जिस तरह से मनीषा की दिन के उजाले में सरेआम हत्या की गई है, तो उनकी बेटी को भी जान का खतरा है। इसको देखते हुए पुलिस को उनकी बेटी को सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। इसके साथ ही मनीषा के हत्यारों को जल्द पकड़कर कार्रवाई करनी चाहिए।