पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल तीसा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढाओ’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर...
बेटियां आत्मनिर्भर बनें और सपने करें साकार
पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल तीसा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढाओ’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) वीना देवी ने की। कार्यक्रम का उददेश्य छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढाओ’ अभियान का मुख्य उददेश्य बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। मनोहर नाथ ने किशोरियों से मासिक धर्म के प्रति जागरूकता फैलाने का आहवान किया।
उन्होंने मासिक धर्म से जुडी सामाजिक कुरीतियों और भ्रांतियों पर प्रकाश डालते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही सेनेटरी पैड के सुरक्षित निष्पादन, स्वच्छता संबंधी सावधानियों तथा मासिक धर्म के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी। सीडीपीओ वीना देवी ने छात्राओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्धारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वृत पर्यवेक्षक पूजा कुकरेजा ने छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, लैंगिक समानता तथा घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर की जानकारी भी प्रदान की गई। शिविर में वृत पर्यवेक्षक रीता देवी, अध्यापक अनिल कुमार, राजेश सहित लगभग 250 छात्राओं और अध्यापकों ने हिस्सा लिया।