विधायक से पूछताछ के दौरान कई महत्त्वपूर्ण पहलुओं पर मांगी गई स्पष्टता चुराह के विधायक डा. हंसराज से सोमवार को महिला पुलिस थाना में युवती द्वा...
विधायक हंसराज से पांचवीं बार पूछताछ, यौन शोषण मामले में जुटाए सबूतों का मिलान कर रही पुलिस
विधायक से पूछताछ के दौरान कई महत्त्वपूर्ण पहलुओं पर मांगी गई स्पष्टता
चुराह के विधायक डा. हंसराज से सोमवार को महिला पुलिस थाना में युवती द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों के मामले में पांचवीं बार करीब अढ़ाई घंटे तक गहन पूछताछ की गई। इस पूछताछ में पुलिस ने विधायक से जांच के दौरान जुटाए सभी तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों पर विस्तार से सवाल किए। सूत्रों के अनुसार जांच दल ने विधायक द्वारा पहले दिए गए बयानों, होटल से बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों से जुटाए गए डाटा का आपसी मिलान किया। विधायक से पूछताछ के दौरान कई महत्त्वपूर्ण पहलुओं पर स्पष्टता मांगी गई। इससे पहले भी पुलिस विधायक से चार बार विस्तृत पूछताछ कर चुकी है, लेकिन मामले में नए डिजिटल साक्ष्यों के सामने आने के बाद जांच एजेंसी ने कई बिंदुओं को दोबारा परखने के लिए यह जांच आवश्यक मानी।
विधायक की अंतरिम जमानत पर अदालत ने 27 नवंबर तक सुरक्षित रखा फैसला
उल्लेखनीय है कि युवती द्वारा लगाए यौन शोषण के मामले में विधायक डा. हंसराज अंतरिम जमानत पर हैं। विधायक को यह जमानत सशर्त मामले की जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करने के आधार पर मिली हैं। विधायक की अंतरिम जमानत पर अदालत ने 27 नवंबर तक फैसला सुरक्षित रखा है। अब 27 नवंबर को अंतरिम जमानत पर होने वाले फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा हितेष लखनपाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। विधायक से बार-बार पूछताछ इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।