एक शिलान्यास पट्टिका में दिखा विधायक का नाम, दूसरे में गायब

डीएस ठाकुर का नाम रहा अंकित और विधायक हंसराज का नहीं दिखा नाम केंद्रीय मंत्री ने चुराह, डलहौजी विस क्षेत्रों में किया इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास श...

एक शिलान्यास पट्टिका में दिखा विधायक का नाम, दूसरे में गायब

एक शिलान्यास पट्टिका में दिखा विधायक का नाम, दूसरे में गायब

डीएस ठाकुर का नाम रहा अंकित और विधायक हंसराज का नहीं दिखा नाम

केंद्रीय मंत्री ने चुराह, डलहौजी विस क्षेत्रों में किया इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास शिलान्यास पट्टिका से विधायक का नाम गायब होने से राजनीतिक सरगर्मियां तेज 

चंबा। दो विधानसभा क्षेत्रों में इंडोर स्टेडियम के शिलान्यास की पट्टिका में एक विधायक का नाम अंकित रहा लेकिन दूसरे का नाम गायब कर दिया गया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के कार्यक्रम में दोहरी राजनीति लोगों की समझ नहीं आई।
रविवार को केंद्रीय मंत्री ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराड़ू में बनने वाले इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास किया। शिलान्यास पट्टिका पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सांसद राजीव भारद्वाज का नाम केंद्रीय मंत्री के नाम के साथ अंकित दिखा। स्थानीय विधायक हंसराज का नाम गायब था। लोग सोच रहे थे कि शायद इसमें विधायक के नाम को सरकारी स्तर पर मना किया गया है लेकिन जब केंद्रीय मंत्री ने डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के सलूणी में इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास किया तो वहां पर विधायक डीएस ठाकुर का नाम अंकित नजर आया। ऐसे में इस बात पर चर्चा हो रही है कि विधायक का नाम आखिरकार क्यों गायब किया गया। लोगों में चर्चा है कि भाजपा के मंत्री शिलान्यास कर रहे हैं। उसमें भाजपा विधायक का नाम ही शिलान्यास पट्टिका में नहीं है। हालांकि, विधायक जरूरी कार्य के चलते चुनाव क्षेत्र से बाहर थे लेकिन उनका नाम हटाने पर समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। कई लोग इसे चुराह के विधायक पर लगे दुराचार के आरोपों से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इस आरोप में उन्हें अदालत से नियमित जमानत मिल चुकी है। अब इस मामले की सुनवाई उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। भंजराडू में कार्यक्रम के दौरान हंसराज के समर्थकों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष विधायक जिंदाबाद के नारे भी लगाए। उन्होंने यह संदेश दिया कि वे अपने विधायक के साथ खड़े हैं।