जिला चंबा के सभी 15 शिक्षा खंडों के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में मंगलवार को ड्राप कवर एंड होल्ड अर्थक्वेक सेफ्टी माक ड्रिल का सफल आयोजन किया ग...
मॉकड्रिल…चंबा में धरती कांपी, मच गई अफरा-तफरी
जिला चंबा के सभी 15 शिक्षा खंडों के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में मंगलवार को ड्राप कवर एंड होल्ड अर्थक्वेक सेफ्टी माक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के 163 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, 96 उच्च विद्यालयों, 224 माध्यमिक विद्यालयों तथा 1,136 प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने माक ड्रिल में हिस्सा लिया। मॉकड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया कि भूकंप के दौरान घबराने के बजाय ड्राप कवर एंड होल्ड तकनीक अपनाते हुए स्वयं को सुरक्षित रखना चाहिए।
माक ड्रिल के दौरान प्री-ड्रिल के माध्यम से भूकंप आने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों का चयन, विद्यालय से व्यवस्थित निकासी तथा आपदा के समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। विद्यार्थियों को आपदा के दौरान संयम बनाए रखने तथा प्रशासन द्धारा जारी दिशा-निर्देशों का कडाई पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की माक ड्रिल विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जिले के सभी विद्यालयों में आयोजित इस अभ्यास का उददेश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक एवं तैयार बनाना रहा।