डिपुओं में 40 रुपये सस्ता मिलेगा सरसों का तेल

राशन कार्ड धारकों को इस महीने राहत मिलने जा रही है। सरकारी राशन डिपुओं में सरसों का तेल खुले बाजार की तुलना में 30 से 40 रुपये तक सस्ती दरों पर उपलब्ध...

डिपुओं में 40 रुपये सस्ता मिलेगा सरसों का तेल

डिपुओं में 40 रुपये सस्ता मिलेगा सरसों का तेल

राशन कार्ड धारकों को इस महीने राहत मिलने जा रही है। सरकारी राशन डिपुओं में सरसों का तेल खुले बाजार की तुलना में 30 से 40 रुपये तक सस्ती दरों पर उपलब्ध होगा। हालांकि डिपो में मिलने वाले सरसों तेल के दाम पिछले महीने की तुलना में सात रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से सरसों के तेल की आपूर्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ऑर्डर जारी कर डिपुओं में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी जिससे उपभोक्ताओं को नियमित रूप से इसका लाभ मिल सकेगा।

प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत करीब 19.5 लाख राशन कार्डधारक परिवार सस्ते राशन की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। हर महीने लगभग 27 लाख लीटर खाद्य तेल उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता है। पिछले महीने उपभोक्ताओं को डिपुओं में सरसों का तेल 153 रुपये प्रति लीटर की दर से मिला था। इस बार कीमत बढ़कर करीब 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, खुले बाजार में सरसों का तेल 190 से 200 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है।
डिपुओं में सरसों और रिफाइंड तेल के अलावा आटा, चावल, मलका, उड़द, चना दाल, चीनी और नमक सहित अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुएं भी रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे महंगाई के दौर में उपभोक्ताओं को घरेलू खर्च में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस महीने प्रदेश के सस्ते राशन की दुकानों में सरसों का तेल उपलब्ध करवा दिया जाएगा। -पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग