राजनीतिक दौरे पर जनजातीय क्षेत्र पांगी गए विधायक डॉ. जनकराज ने उस समय वहां अपनी ओपीडी शुरू कर दी जब उनके पास कई मरीज चिकित्सीय परामर्श लेने के लिए पहु...
राजनीतिक दौरे पर गए, मरीज देखकर शुरू कर दी ओपीडी
राजनीतिक दौरे पर जनजातीय क्षेत्र पांगी गए विधायक डॉ. जनकराज ने उस समय वहां अपनी ओपीडी शुरू कर दी जब उनके पास कई मरीज चिकित्सीय परामर्श लेने के लिए पहुंच गए।
रीढ़ और दिमाग की नसों का इलाज करवाने के लिए महिलाओं व बच्चों को लेकर अभिभावक उनके पास पहुंचे। उन्होंने मरीजों की रिपोर्ट देखकर जरूरी चिकित्सीय परामर्श दिए। इलाज के लिए जरूरी दवाइयां भी मरीजों को लिखीं। टेस्ट करवाने के लिए टांडा और आईजीएमसी में जाने के लिए स्वयं संबंधित डॉक्टरों को फोन कर आग्रह किया ताकि मरीजों को वहां जाकर भटकना न पड़े। विधायक ने कहा कि राजनीति में उनका आने का मकसद ही जन सेवा करना है। लोगों से जुड़े मुद्दों को वह विधानसभा में उठाते हैं। जब कोई व्यक्ति चिकित्सीय परामर्श लेने के लिए उनके पास आता है तो उसे वह जरूरी परामर्श भी देते हैं। इसके बदले में उन्होंने आज तक किसी भी मरीज से कोई डिमांड नहीं रखी। केवल समाज सेवा मानकर उनकी मदद की है।