बिजली बोर्ड मंडल चंबा ने लंबे समय से बिजली बिल जमा न करवाने वाले 1833 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बोर्ड प्रबंधन ने सभी डिफाल्...
बिजली बिल जमा करो, वरना कनेक्शन कटेगा
बिजली बोर्ड मंडल चंबा ने लंबे समय से बिजली बिल जमा न करवाने वाले 1833 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बोर्ड प्रबंधन ने सभी डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि के भीतर लंबित बिल राशि जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। तय समय में भुगतान न करने पर बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बिजली बोर्ड मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता इंजीनियर हंसराज चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 1833 डिफाल्टर उपभोक्ताओं से लाखों रुपये की बिजली बिल राशि वसूल की जानी है।
कई बार आग्रह के बावजूद बिल जमा न करवाने पर बोर्ड ने अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उपभोक्ताओं को चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस मिलने के बाद भी लंबित राशि जमा न करवाने वालों के कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिए जाएंगे। कनेक्शन कटने के बाद उपभोक्ताओं को बकाया बिल के साथ 250 रुपये अतिरिक्त सरचार्ज भी देना होगा।
अधिशासी अभियंता ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं से अपील की कि वे कार्रवाई से बचने के लिए निर्धारित समय के भीतर बोर्ड कार्यालय में पहुंचकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से लंबित बिल राशि जमा करवाएं।