सैंज घाटी के किसानों को इस बार मटर की फसल के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे किसान मायूस हैं। इन दिनों घाटी के किसान अपनी मटर की फसल लेकर सब्जी मं...
औने-पौने दामों में बिक रहा मटर, किसान मायूस
सैंज घाटी के किसानों को इस बार मटर की फसल के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे किसान मायूस हैं। इन दिनों घाटी के किसान अपनी मटर की फसल लेकर सब्जी मंडियों में पहुंच रहे हैं लेकिन वहां उन्हें केवल 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक कीमत मिल रही है। किसानों का कहना है कि इतने कम दाम में उनकी मेहनत और लागत तक नहीं निकल पा रही। किसानों के अनुसार एक सप्ताह पहले तक मटर के दाम 50 रुपये प्रति किलो से अधिक मिल रहे थे लेकिन अब अचानक कीमतों में भारी गिरावट आ गई है। पिछले वर्ष किसानों को मटर के 80 से 100 रुपये प्रति किलो तक दाम मिले थे, जबकि इस बार बाजार भाव काफी नीचे पहुंच गए हैं।
किसानों का कहना है कि उन्होंने मटर की खेती बेहतर आय और परिवार के खर्च पूरे करने की उम्मीद से की थी लेकिन मौजूदा दामों ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उनका कहना है कि खेतों में दिन-रात की गई मेहनत का भी उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा।
वहीं, किसानों और कारोबारियों का मानना है कि बाजार में स्थानीय मटर की अधिक आवक होने के कारण दामों में गिरावट आई है।