सोलन जिले के नालागढ़ की निजी फार्मा कंपनी के अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप कॉल के जरिये गैंगस्टर के नाम पर धमकियां देने का मामला सामने आया है।&nb...
फार्मा कंपनी के अफसर को कनाडा नंबर से मिली गैंगस्टर की धमकी, जांच एजेंसी अलर्ट
सोलन जिले के नालागढ़ की निजी फार्मा कंपनी के अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप कॉल के जरिये गैंगस्टर के नाम पर धमकियां देने का मामला सामने आया है। राज्य गुप्तचर विभाग की अपराध शाखा ने इस संबंध में शिमला थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ की निजी फार्मा कंपनी के अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप कॉल के जरिये गैंगस्टर के नाम पर धमकियां देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट ठेका नहीं मिलने के बाद कथित तौर पर कंपनी पर दबाव बनाने और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। राज्य गुप्तचर विभाग की अपराध शाखा ने इस संबंध में शिमला थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नालागढ़ किशनुपरा की निजी फार्मा कंपनी के साइट हेड की ओर से सीआईडी मुख्यालय को दी गई शिकायत तें बताया गया कि कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर (एचआर एवं एडमिनिस्ट्रेशन) को पिछले कुछ महीनों से स्थानीय ट्रांसपोर्टर, कारोबारी लखविंदर सिंह अपनी गाड़ियों को कंपनी में लगाने और परिवहन का ठेका दिलाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार कंपनी ने व्यावसायिक कारणों से प्रस्ताव मंजूर नहीं किया। इसके बाद 28 और 29 जुलाई को आरोपी ने कथित रूप से कंपनी अधिकारियों को धमकी दी कि यदि ठेका नहीं मिला तो कंपनी के वाहनों को रोका जाएगा, परिवहन कार्य बाधित किया जाएगा और कर्मचारियों और चालकों के साथ मारपीट की जाएगी। इसके कुछ ही घंटों के बाद डिप्टी जनरल मैनेजर के मोबाइल पर कनाडा के नंबर से कई व्हाट्सएप कॉल आईं। शिकायत के मुताबिक एक कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को डोनी बल बताते हुए किसी अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर से जुड़े होने का दावा किया और ट्रांसपोर्ट प्रस्ताव तुरंत मंजूर कराने का दबाव बनाया। कॉलर ने कथित तौर पर अधिकारी और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इसी नंबर से 29 जुलाई को भी कई बार व्हाट्सएप कॉल की गईं, जिनका रिकॉर्ड उपलब्ध है। कंपनी ने मामले को कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए जांच की मांग की। सीआईडी ने शिकायत के आधार पर लखविंदर सिंह सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(3) और 61(2) के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।