एक तरफ पंचायत प्रतिनिधि स्वच्छता और सफाई की दावा करते हैं, दूसरी ओर कचरा निस्तारण की कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं देती। न तो कोई निर्धारित डंपिंग...
करियां में फॉरेस्ट नर्सरी रोड के किनारे लगे कचरे के ढेर
एक तरफ पंचायत प्रतिनिधि स्वच्छता और सफाई की दावा करते हैं, दूसरी ओर कचरा निस्तारण की कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं देती। न तो कोई निर्धारित डंपिंग साइट है और न ही कचरा फेंकने की व्यवस्थित सुविधा।
इसके चलते लोग मजबूरी में सड़क किनारे ही कचरा फेंक रहे हैं। करियां पंचायत के साथ लगते फॉरेस्ट नर्सरी रोड के किनारे जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। करीब 100 मीटर तक सड़क के दोनों ओर कचरा फैला है। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और बदबू का आलम है।
इस समस्या के कारण न सिर्फ आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। सड़क के किनारे फैली गंदगी से ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे जमा कचरे का असर अब पर्यावरण पर भी दिखने लगा है। आसपास लगे हरे भरे पेड़-पौधे भी सूखने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि गंदगी और बदबू से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता भी खत्म होती जा रही है। कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर कचरा फेेंक जाते हैं। इसी रास्ते से लोगों का आना जाना लगा रहता है। पंचायत प्रधान दीपक राणा ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए डंपिंग साइट बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। जब तक कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं बनती, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए ग्रामीणों का सहयोग बेहद जरूरी है।