बिजली कटी, गेट बंद; चौगान से कारोबारियों का पैकअप

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के तहत पिछले 15 दिनों से जारी व्यापारिक गतिविधियों पर रविवार शाम विराम लग गया। जिला प्रशासन ने चौगान में व्यापारिक गतिवि...

बिजली कटी, गेट बंद; चौगान से कारोबारियों का पैकअप

बिजली कटी, गेट बंद; चौगान से कारोबारियों का पैकअप

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के तहत पिछले 15 दिनों से जारी व्यापारिक गतिविधियों पर रविवार शाम विराम लग गया। जिला प्रशासन ने चौगान में व्यापारिक गतिविधियों के लिए स्थापित अस्थायी परिसरों की बिजली काट दी और बाहरी राज्यों से आए कारोबारियों को सामान पैक कर चौगान खाली करने के निर्देश जारी किए। चौगान को खाली करवाने के लिए प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि प्रवेश द्वार भी बंद कर दिए गए हैं। व्यापारिक गतिविधियों के अंतिम दिन रविवार को जिले के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोग खरीददारी के लिए चौगान पहुंचे। लोगों ने अस्थायी दुकानों में जमकर खरीददारी की और दोपहर बाद घर लौट गए। पिछले तीन-चार दिनों में खरीददारी के लिए उमड़ी भीड़ से बाहरी राज्यों से आए कारोबारियों को कारोबार में हुए नुकसान से काफी हद तक राहत मिली। दोपहर बाद तहसीलदार चंबा भूपेंद्र कश्यप ने टीम के साथ चौगान पहुंचकर कारोबारियों को पैकअप करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक सूचना जारी कर दुकानदारों को रविवार शाम तक चौगान पूरी तरह खाली करने की हिदायत दी गई। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। गौरतलब है कि इस वर्ष मिंजर मेला आधिकारिक तौर पर 26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित हुआ था, जबकि व्यापारिक गतिविधियों के लिए उच्च न्यायालय ने 9 अगस्त की शाम तक अनुमति दी थी। न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन रविवार को एक्शन मोड में आ गया।

15 दिनों से चल रही व्यापारिक गतिविधियों पर रोक
तहसीलदार सदर चंबा भूपेंद्र कश्यप ने बताया कि शहर के चार चौगानों में पिछले 15 दिनों से चल रही व्यापारिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। बाहरी राज्यों से आए कारोबारियों को सामान पैक कर स्थान खाली करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात तक चौगान को पूरी तरह खाली करवा दिया जाएगा।

ताज़ा खबरें

अधिक देखी जाने वाली खबरें