चक्का जाम होने से सरकारी, निजी बसों समेत छोटे-बड़े वाहनों की लगी कतार एसडीएम डलहौजी से आश्वास मिलने के बाद ग्रामीणों ने बहाल किया यातायात संवाद न्यू...
सिलिंडर न मिलने पर बगढार में फूटा लोगों का गुस्सा, आधा घंटा चक्का जाम
चक्का जाम होने से सरकारी, निजी बसों समेत छोटे-बड़े वाहनों की लगी कतार
एसडीएम डलहौजी से आश्वास मिलने के बाद ग्रामीणों ने बहाल किया यातायात
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पंचायत बगढार में एक माह से घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति न होने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। गैस संकट से नाराज ग्रामीणों ने सुबह करीब 10 से 10:30 बजे तक बनीखेत-खैरी सड़क पर आधे घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। चक्का जाम होने से सड़क पर सरकारी, निजी बसों समेत छोटे-बड़े वाहनों की कतार लग गई। एसडीएम डलहौजी को मामले की भनक लगते ही उन्होंने उपभोक्ताओं से बात कर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क बहाल की।
विनय गुलेरिया, बबलू, संजय कुमार, जोगिंदर सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि एक माह से अधिक समय बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। परिवारों के सामने भोजन तैयार करने की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी गैस वितरण वाहन क्षेत्र में पहुंचता है, अधिकांश सिलिंडरों का वितरण बगढार बाजार में ही कर दिया जाता है। इस कारण बाजार से आगे स्थित स्कूल क्षेत्र और आसपास के गांवों में रहने वाले उपभोक्ताओं तक गैस नहीं पहुंच पाती। ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या के बारे में कई बार संबंधित एजेंसी को अवगत करवाया गया लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार परेशानी और शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उपमंडल अधिकारी अनिल भारद्वाज ने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बगढार बाजार से आगे के क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए अलग से गैस सिलिंडर भेजने की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। उधर, उपमंडल अधिकारी अनिल भारद्वाज ने बताया कि डलहौजी गैस एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रभावित उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और उन्हें नियमित रूप से घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे।