पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर मंगलवार सुबह बनीखेत स्थित आर्मी कॉलोनी के समीप एक विशाल पेड़ गिरने से करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा।...
पठानकोट-चंबा हाई-वे पर पेड़ गिरने से लगी गाडिय़ों की कतारें
पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर मंगलवार सुबह बनीखेत स्थित आर्मी कॉलोनी के समीप एक विशाल पेड़ गिरने से करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। हालांकि, छोटे वाहनों को पधर मार्ग से डायवर्ट कर बनीखेत बाजार के रास्ते निकाला गया, जिससे उनकी आवाजाही जारी रही। जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार सुबह करीब चार बजे सडक़ किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ अचानक राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गया। इससे सडक़ पूरी तरह अवरुद्ध हो गई और दोनों ओर ट्रकों, बसों तथा अन्य भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। एनएचएआई के साइट इंजीनियर वरुण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही जेसीबी मशीन और कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजा गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेड़ को हटाकर राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में पेड़ गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में एनएचएआई की टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रख रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर यातायात बहाल किया जा सके।
एनएचएआई ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और विशेषकर रात के समय पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।