मनाली से पठानकोट जा रही बस बनाला के पास पहाड़ी गिरने के बाद पलटी पहाड़ों पर मौसम के मिजाज बिगड़े हुए है। हिमाचल के निचले इलाकों में जोरदार बार...
हिमाचल में बारिश का कहर लैंडस्लाइड की चपेट में आई बस-4 घायल
मनाली से पठानकोट जा रही बस बनाला के पास पहाड़ी गिरने के बाद पलटी
पहाड़ों पर मौसम के मिजाज बिगड़े हुए है। हिमाचल के निचले इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है, जिसके कारण जगह-जगह पर लैंडस्लाइड होने की सूचनाएं है। लैंडस्लाइड के चलते कई मार्ग बंद हो गए है। आज सुबह चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में एक निजी बस आ गई। मनाली से पठानकोट जा रही बस बनाला के पास पहाड़ी गिरने के बाद पलट गई और सड़क किनारे लगी दीवार पर जाकर रुकी। बस में सवार ड्राइवर और कंडक्टर सहित 4 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का नगवांई अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि सुबह के वक्त यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होली-चंबा सड़क पर भी हुआ भारी भूस्खलन, चट्टाने दरकने से चंबा भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154 ए यातायात के लिए बाधित
शिमला से किन्नौर जिला को जोड़ने वाला नेशनल हाइवे 5 भी निगुलसरी के पास लैंडस्लाइड के बाद बंद हो गया है। होली-चंबा सड़क पर भी भारी भूस्खलन हुआ है। इससे यह सड़क गरोला के पास बंद हो गई है। बारिश के चलते कई नाले उफान पर आ गए है। कुल्लू में भारी बारिश से अखाड़ा बाजार में कई लोगों के मकानों में पानी घुस गया है। साथ ही गांधीनगर के पास भारी बारिश से नाले के जलस्तर बढ़ने के कारण सारा पानी सड़क पर आ गया, जिससे गाड़ियों को खासा नुकसान हुआ है। लाहल कंध नामक स्थान पर चट्टाने दरकने से चंबा भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154 ए यातायात के लिए बाधित है। सड़क बहाल करने का प्रयास जारी है। उधर पांवटा साहिब में भूस्खलन होने के कारण NH-707 पिछले घंटे से बंद है। होली चंबा सड़क मार्ग गरोला के पास जबरदस्त भूस्खलन के चलते यातायात के लिए बंद हो गई है।