पठानकोट एनएच पर वैली के पास भूस्खलन की चपेट में आया ट्रक और दो मोटरसाइकिल, चालक सुरक्षित चंबा-पठानकोट पर वैली के समीप देर रात जमीन धंसने से एक बड़ा...
तबाही की बारिश; जमीन धंसी, मलबे के साथ गिरी तीन गाडिय़ां
पठानकोट एनएच पर वैली के पास भूस्खलन की चपेट में आया ट्रक और दो मोटरसाइकिल, चालक सुरक्षित
चंबा-पठानकोट पर वैली के समीप देर रात जमीन धंसने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एनएच पर हुए भूस्खलन की चपेट में आकर एक ट्रक व दो मोटरसाइकल निचले हिस्से से गुजरने वाले संपर्क मार्ग पर जा गिरे। गनीमत यह रही कि जमीन धंसने के कारण वाहन अनियंत्रित होते देख ट्रक चालक व मोटरसाइकल सवार चार युवक छलांग लगाकर खुद को सुरक्षित बचाने में कामयाब रहे।
इस घटना में ट्रक व मोटरसाइकल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पठानकोट से ट्रक व दो मोटरसाइकल चंबा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान वैली के समीप बारिश के कारण धंसे एनएच के एक बड़े हिस्से के खिसकने से हुए भूस्खलन आरंभ हो गया। देखते ही देखते ट्रक व मोटरसाइकल नीचे जा गिरे। एनएच से गुजरते वाहनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आरंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक सामान लेकर चंबा आ रहा था, जबकि मोटरसाइकल पर सवार युवक मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर में फंसे वाहनों को वापिस लाने के लिए जा रहे थे।
उल्लेखनीय है कि मानसून की बेरहम बारिश के कारण पठानकोट एनएच कई जगह बुरी तरह दरक गया है। जमीन धंसने के कारण लगातार भूस्खलन का सिलसिला जारी रहने से यातायात को सामान्य रखना भी एनएच प्रबंधन के लिए चुनौती बनकर रह गया है। बहरहाल, चंबा-पठानकोट एनएच पर वैली के समीप जमीन धंसने से हुए भूस्खलन की जद में आकर एक ट्रक व मोटसाइकल खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।