कुगति गांव स्थित प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी मंदिर में करीब डेढ़ फीट तक बर्फबारी भरमौर की ऊंची चोटियों पर मौसम ने अचानक करवट बदली है। कुगति गांव स्थित...
कार्तिक स्वामी मंदिर तक पहुंचना हुआ मुश्किल
कुगति गांव स्थित प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी मंदिर में करीब डेढ़ फीट तक बर्फबारी
भरमौर की ऊंची चोटियों पर मौसम ने अचानक करवट बदली है। कुगति गांव स्थित प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी मंदिर में 45 सेंटीमीटर (करीब डेढ़ फीट) तक बर्फबारी होने से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक पहुंचना अब लगभग असंभव हो गया है। इस अप्रत्याशित हिमपात ने न केवल स्थानीय लोगों को चौंका दिया है, बल्कि उन भक्तों की आस्था की परीक्षा भी ले ली है जो सर्दियों से पूर्व अंतिम दर्शन की कामना लिए मंदिर की ओर निकलने वाले थे। कुगति गांव तक तो आधा फुट तक बर्फ गिरी है, लेकिन मंदिर तक की पांच किलोमीटर की चढ़ाई पर अब गहरी बर्फ की परतें जम चुकी हैं। इस मार्ग पर न तो अब चलना आसान है और न ही किसी अन्य माध्यम से पहुंच संभव है।
अक्तूबर में ही दिसंबर जैसी ठंड और भारी हिमपात ने दिया सबको चौंका
आमतौर पर अक्तूबर महीने में भरमौर में हल्की ठंड और सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार का मौसम कुछ और ही संकेत दे रहा है। अक्तूबर में ही दिसंबर जैसी ठंड और भारी हिमपात ने सबको चौंका दिया है। श्रद्धालु ही नहीं, स्थानीय ग्रामीण भी अब दैनिक कार्यों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट हर साल सर्दियों में बंद कर दिए जाते हैं, क्योंकि ऊपरी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते वहां रहना असंभव हो जाता है।