पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने दिया धरना

नाबालिग बेटी के अपहरण से परेशान माता-पिता ने ग्रामीणों को साथ लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया। भाजपा नेता जय सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने...

पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने दिया धरना

पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने दिया धरना

नाबालिग बेटी के अपहरण से परेशान माता-पिता ने ग्रामीणों को साथ लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया। भाजपा नेता जय सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने सरकार, प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही पुलिस पर इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। जांच अधिकारी पर भी परिजनों को धमकाने का आरोप लगाया। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि सात दिन में नाबालिग का अपहरण करने वाले जेल की सलाखों में नहीं डाले तो जिला मुख्यालय में चक्का जाम कर दिया जाएगा।

इसके बाद जो भी परिस्थिति पैदा होगी, उसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन और पुलिस की रहेगी। इससे पहले ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री, उपायुक्त और एसपी के खिलाफ नारेबाजी की। डेढ़ घंटे तक धरना जारी रहा। मौसमदीन ने बताया कि पांच अप्रैल को कुछ लोग उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण करके ले गए। इसकी शिकायत उन्होंने महिला थाना में दर्ज करवाई लेकिन जांच अधिकारी उनकी बेटी को ढूंढने के बजाय उन्हें ही डरा धमका रहे हैं। बार-बार फोन करने पर भी वह बेटी के केस की जानकारी नहीं देते। जिन आरोपियों ने अपहरण किया था, उनके नाम भी पुलिस को बताए गए हैं, बावजूद इसके उन्हें पकड़ा नहीं जा रहा है।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने पुलिस अधीक्षक को इस मामले में उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है। इस मौके पर दीन मोहम्मद, बशीर, होशियार सिंह, मजीद, चूहडू, लालदीन, जरीना बेगम और सेहना सहित अन्य मौजूद रहे।