घिसल गांव में सडक़ पर सिलेंडर पर किया चक्का जाम

जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत साच के घिसल गांव में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सडक़ पर देखने को...

घिसल गांव में सडक़ पर सिलेंडर पर किया चक्का जाम

घिसल गांव में सडक़ पर सिलेंडर पर किया चक्का जाम

जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत साच के घिसल गांव में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सडक़ पर देखने को मिला। नाराज ग्रामीणों ने मुख्य सडक़ पर गैस सिलेंडर रखकर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि घिसल गांव में पिछले कई महीनों से घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को रसोई गैस के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों के सिलेंडर पूरी तरह खाली हो चुके हैं, जिसके कारण उन्हें मजबूरन लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पांगी प्रशासन द्वारा एक दिन पहले गैस सिलेंडर वितरण की तिथि तय की गई थी, जिससे लोगों को उम्मीद थी कि इस बार उनकी समस्या का समाधान होगा, लेकिन वितरण व्यवस्था में कुठल गांव को भी शामिल कर दिए जाने के कारण घिसल गांव तक गैस सिलेंडर नहीं पहुंच पाए। इससे ग्रामीणों में भारी निराशा और रोष फैल गया।

बताया जा रहा है कि ग्रामीण सुबह से ही लगातार हो रही बारिश के बीच अपने खाली सिलेंडरों के साथ गैस वाहन का इंतजार करते रहे। घंटों इंतजार के बाद भी जब आपूर्ति नहीं हुई तो शाम होते-होते लोगों का धैर्य जवाब दे गया। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्य सडक़ पर गैस सिलेंडर रखकर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन से तत्काल गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही घिसल गांव में नियमित गैस आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे अपना आंदोलन और तेज करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि घिसल गांव के लिए अलग से गैस आपूर्ति की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।