गर्मियों के मौसम में पर्यटन नगरी डलहौजी एक बार फिर पर्यटकों की पहली पसंद बनती नजर आ रही है। मई माह की तपिश के बीच वीकेंड पर हुई हल्की बारिश ने यहां के...
तपती गर्मी… टूरिस्टों की पहली पंसद बनी पर्यटन नगरी डलहौजी
गर्मियों के मौसम में पर्यटन नगरी डलहौजी एक बार फिर पर्यटकों की पहली पसंद बनती नजर आ रही है। मई माह की तपिश के बीच वीकेंड पर हुई हल्की बारिश ने यहां के मौसम को और अधिक खुशनुमा बना दिया। बारिश की फुहारों से फिजाओं में ताजगी घुल गई है, जबकि ठंडी हवाओं, धुंध से ढकी वादियों और हरियाली से घिरे पहाडों ने पर्यटकों को मानो मानसून का अहसास करवा दिया हो। शनिवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान पर घने बादल छा गए। इसके बाद शुरू हुई हल्की बारिश ने पूरे शहर के मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वीकेंड होने के चलते पहले से ही डलहौजी में पर्यटकों की अच्छी खासी भीड देखने को मिल रही थी, लेकिन मौसम के इस बदले रंग ने पर्यटकों के उत्साह को और बढा दिया। गांधी चौक, सुभाष चौक, पंचपुला, खजियार रोड और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटक मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।
कई पर्यटक धुंध और बादलों के बीच सेल्फी और फोटोग्राफी करते नजर आए। बारिश के बाद पहाडों पर छाई धुंध, ठंडी फिजाएं और हरियाली से भरपूर नजारे डलहौजी की खूबसूरती में चार चांद लगाते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढने लगी थी, लेकिन बारिश ने मौसम को राहत भरा बना दिया। होटल और पर्यटन कारोबार से जुडे लोगों के अनुसार सुहावने मौसम और वीकेंड के चलते पर्यटकों की संख्या में भी बढौतरी देखने को मिली है, जिससे पर्यटन कारोबार में भी रौनक लौट आई है। उधर, पर्यटकों का कहना है कि डलहौजी का शांत वातावरण, प्राकृतिक सुंदरता और ठंडा मौसम इसे गर्मियों में सबसे पसंदीदा हिल स्टेशन बनाता है। मई माह में भी यहां का मौसम लोगों को सुकून और ताजगी का एहसास आरहा है।