चमेरा बांध के जलाशय में लापता युवक तौफिक की तलाश के लिए सोमवार को भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा। एनएचपीसी के गोताखोरों और प्रशासन की टीम ने पूरा...
दूसरे दिन भी चला सर्च अभियान, नहीं लगा तौफिक का कोई सुराग
चमेरा बांध के जलाशय में लापता युवक तौफिक की तलाश के लिए सोमवार को भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा।
एनएचपीसी के गोताखोरों और प्रशासन की टीम ने पूरा दिन जलाशय में खोजबीन की लेकिन देर शाम तक युवक का सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह से ही गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जलाशय के गहरे हिस्सों में विशेष उपकरणों की सहायता से तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि दिनभर की कड़ी मशक्कत के बावजूद लापता युवक का पता नहीं चल सका। बीते रविवार को क्रेन का स्लिंग टूटने के कारण दोबारा वाहन जलाशय में समा गया। इसे सोमवार को निकाल लिया गया। वाहन को सुरक्षित पहुंचाने के बाद उसकी दोबारा जांच की गई लेकिन उसमें युवक मौजूद नहीं था।
गौरतलब है कि किहार क्षेत्र के डांड निवासी तौफिक शुक्रवार शाम को पिकअप वाहन में घर से पठानकोट के लिए निकला था। इसके बाद रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने आशंका जताई थी कि वाहन चमेरा जलाशय में गिर गया है। घटनास्थल के समीप चालक की चप्पल और वाहन की स्टेपनी मिलने के बाद खोज अभियान शुरू किया गया था। प्रशासन का मानना है कि युवक का शव जलाशय के तल में जमा सिल्ट में दबा हो सकता है। इसी संभावना को देखते हुए गोताखोरों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि तौफिक की तलाश के लिए आगामी दिनों में भी अभियान जारी रखा जाएगा। एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि गाड़ी जलाशय से निकाल ली गई है। चालक का सुराग नहीं लग पाया है। सोमवार को एनएचपीसी के गोताखोरों ने जलाशय का कोना-कोना तलाशा लेकिन सफलता नहीं मिली। अब मंगलवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।