बुजुर्ग लोगों को कृत्रिम दांत लगवाने के लिए अब मेडिकल कॉलेज में महीनों लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरी में जाकर आसानी...
बुजुर्ग अब बिना पैसे दिए लगवा पाएंगे कृत्रिम दांत
बुजुर्ग लोगों को कृत्रिम दांत लगवाने के लिए अब मेडिकल कॉलेज में महीनों लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरी में जाकर आसानी से इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। अभी तक सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा चुवाड़ी नागरिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध थी। इसके अलावा अन्य किसी भी सरकारी अस्पताल में इसकी सुविधा नहीं है। निजी दंत चिकित्सालयों में कृत्रिम दांत लगवाने के लिए हजारों रुपये वसूल किए जाते हैं लेकिन पुखरी में बुजुर्ग लोगों को यह सुविधा मुफ्त मिलेगी। सामान्य मरीजों को एक हजार रुपये का शुल्क चुकाना होगा।
वीरवार को खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवदीप राठौर ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु वाली महिला, 65 वर्ष से अधिक आयु वाले पुरुष और बीपीएल परिवार से संबंधित लोगों को यह सुविधा बिलकुल मुफ्त मिलेगी जबकि, अन्य लोगों को इसके लिए 1,000 रुपये चुकाने होंगे। डेंचर सुविधा को शुरू करवाने के लिए क्षेत्र के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे क्योंकि उन्हें इसके लिए भटकना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले एक मजदूर उनके पास आया, जिसके मुंह में एक भी दांत नहीं था। जब उसे कृत्रिम दांत लगवाने का परामर्श दिया तो उसने जवाब दिया कि निजी अस्पताल में उससे 12,000 रुपये मांगे गए जिसे देने में वह असमर्थ है। तब उन्होंने यह ठाना कि पीएचसी में सरकार की सहायता से इस सुविधा को चालू किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से विचार विमर्श करके लैब की व्यवस्था की। उसके बाद कृत्रिम दांत लगाने के लिए जरूरी सभी उपकरणों को उपलब्ध करवाया। अब चुराह सहित अन्य आसपास के क्षेत्रों के मरीज इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।