राजकीय महाविद्यालय सलूणी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से ‘डिजिटली शिक्षित चंबा, सुरक्षित चंबा’ अभियान के अंतर्गत साइबर सुर...
साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा पर जागरूक किए छात्र
राजकीय महाविद्यालय सलूणी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से ‘डिजिटली शिक्षित चंबा, सुरक्षित चंबा’ अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, आनलाइन ठगी तथा डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में होम फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक कुलदीप सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सुरक्षित आनलाइन लेन-देन, सोशल मीडिया का जिम्मेदार उपयोग तथा डिजिटल साक्षरता के महत्व पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने तथा आनलाइन धोखाधडी की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की सलाह दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डा. मोहिंद्र कुमार सलारिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने एनएसएस इकाई एवं होम फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी पंकज कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस मौके पर स्टाफ मेंबर सहित काफी तादाद में छात्र मौजूद रहे।