ईरान-इस्राइल-अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब आकांक्षी जिले के भरमौर क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहा ता...
ईरान से बीजी-14 केमिकल की सप्लाई ठप, सड़कों की टारिंग का काम बंद
ईरान-इस्राइल-अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब आकांक्षी जिले के भरमौर क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहा तारकोल बिछाने का कार्य बीजी-14 केमिकल की कमी के कारण ठप पड़ गया है। यह केमिकल भारत में ईरान से आयात होता है और इसकी आपूर्ति 10 दिन से बंद है। जानकारी के अनुसार चंबा के लिए इस केमिकल की आपूर्ति पानीपत से होती है। पानीपत में ईरान से सप्लाई आती है। आपूर्ति बाधित होने के कारण ठेकेदार ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तारकोल बिछाने का कार्य फिलहाल रोक दिया है। एनएच निर्माण में इस केमिकल का उपयोग अनिवार्य होता है, जबकि सामान्य सड़कों में इसकी आवश्यकता नहीं होती।
22 में से 7 किलोमीटर पर पूरा हुआ कार्य
कार्य बंद होने से निर्माण स्थल पर तैनात मजदूर भी काम शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे ठेकेदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, जिसके दौरान तारकोल बिछाना लगभग संभव नहीं होता। ऐसे में जून तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य अब अधूरा रहने की आशंका है। सितंबर में शुरू होने वाली श्री मणिमहेश यात्रा को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से जल्द कार्य पूरा कराने की मांग की है।
बग्गा से लूणा तक 22 किलोमीटर लंबे हिस्से पर तारकोल बिछाई जानी है। अब तक त्रिलोचन महादेव तक करीब सात किलोमीटर मार्ग पर कार्य पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 15 किलोमीटर हिस्से पर अभी काम होना बाकी है।
केमिकल मिलते ही शुरू होगा कार्य
एनएच प्राधिकरण के सहायक अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि तारकोल में मिलाए जाने वाले बीजी-14 केमिकल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जैसे ही केमिकल उपलब्ध होगा, शेष कार्य तुरंत शुरू कर पूरा कर लिया जाएगा।