खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चंबा मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर गुणवत्ता जांच के लिए 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। खाद्य सुरक्षा...
नकली पनीर की आशंका, 12 खाद्य सैंपल भरकर जांच को भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चंबा मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर गुणवत्ता जांच के लिए 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी कौंडल के नेतृत्व में भुवन चौहान और चैन लाल की टीम ने चंबा बाजार, जुलाहकड़ी और हरदासपुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार से असली पनीर के नाम पर एनालॉग पनीर बेचे जाने की आशंका पर पनीर के दो सैंपल लिए गए। वहीं, दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों के पोषण आहार से जुड़े 10 नमूने लिए गए।
इनमें सरसों तेल, चावल, मिल्क पाउडर और बिस्कुट के दो-दो तथा दलिया, सोया चंक्स और राजमा चित्रा के एक-एक सैंपल शामिल हैं। सभी 12 नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कंडाघाट भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। जांच रिपोर्ट में मानक पूरे न होने पर संबंधित विक्रेता या आपूर्तिकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नकली या मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।