राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बुधवार को मनाया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर...
चुवाड़ी कालेज की प्रतिभाएं पुरस्कृत, गल्र्ज कॉमन रूम की सौगात
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बुधवार को मनाया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान महाविद्यालय के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब समां बांधा। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने शैक्षणिक व सह शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत भी किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार के सफल प्रयासों से शिक्षा में उत्कृष्टता स्थापित हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में इस क्षेत्र से शिक्षित युवा वर्ग आज प्रदेश, देश व दुनिया में इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहा है।
राज्य सरकार ने हाल ही में भटियात हल्के के अंतर्गत सिहुंता तहसील के मौहल चलेरा में ‘ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी’ स्थापित करने को मंजूरी दी है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाडी के प्रधानाचार्य डा. संजय सिंह पठानिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विधानसभा अध्यक्ष ने महाविद्यालय चुवाड़ी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 31 हजार रुपए तथा कालेज के बेहतरीन गायक करण को 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में सात लाख रुपए की लागत से स्थापित गल्र्ज कामन रूम का शुभारंभ भी किया। इस कामन रूम में छात्राओं के लिए बैठने की बेहतरीन व्यवस्था के अलावा टीवी, आरओ वाटर प्यूरीफायर, फ्रिज तथा माइक्रोवेव ओवन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
जल्द शुरू होगा मिनी खेल स्टेडियम का काम
भटियात विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग के माध्यम से वर्तमान में लगभग तीन करोड रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने घोषणा की कि चुवाड़ी में बनने वाले मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। तथा अगले एक वर्ष के भीतर इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।