सलूणी (चंबा)।तलेरू बोटिंग प्वाइंट पर शुक्रवार दोपहर 2 बजे तीन दिवसीय विंटर लेक फेस्टिवल का भव्य आगाज हुआ। पहाड़ियों से घिरे झील परिसर में आयोजित इस उत...
लोक संस्कृति के रंग में रंगा तलेरू
सलूणी (चंबा)।तलेरू बोटिंग प्वाइंट पर शुक्रवार दोपहर 2 बजे तीन दिवसीय विंटर लेक फेस्टिवल का भव्य आगाज हुआ। पहाड़ियों से घिरे झील परिसर में आयोजित इस उत्सव के पहले दिन स्थानीय लोकसंस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। दोपहर 2:15 बजे जब कलाकारों ने ठंडी फिजाओं के बीच ढोल-नगाड़ों की थाप पर चुराही नाटी पेश की तो पूरा पंडाल उत्साह और उल्लास से झूम उठा। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में मुसादा गायन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। दोपहर बाद 3 बजे शिव कैलाशों के वासी जैसे लोकप्रिय लोकगीतों की गूंज के साथ पूरा पंडाल तालियों और सीटियों से गूंज उठा।शाम 4 बजे लोक गायक सुनील पहाड़ी के माये नी मेरिये शिमले दी राहें, चंबा कितनी दूर... गाने पर लोगों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, 4:45 बजे लोक गायक विजय नरयाल के मेरेया ओ केलंगा, कुगति मा डेरा दिता लाई, कारेया भोरयां हो... गाने गाकर लोगों को नाचने पर विवश किया।
इस दौरान दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों से पहुंचे पर्यटकों के लिए तलेरू झील में बोटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पर्यटकों ने बोटिंग का आनंद लिया। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पर्यटकों के साथ सहभागिता की। इस विंटर लेकर फेस्टिवल कार्यक्रम के शेष दो दिनों में विभिन्न लोकनृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत प्रस्तुतियां और मनोरंजन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहले दिन की जबरदस्त सफलता ने आने वाले कार्यक्रमों के प्रति उत्सुकता और बढ़ा दी है। इस अवसर पर तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार डीसी राणा, बीडीओ कंवर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।