चंबा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह के नेतृत्व में टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन कर एडीसी अमित मेहरा को ज्ञापन सौंपा। चालकों ने जिला पुलिस पर कथित...
टैक्सी चालकों ने पुलिस पर लगाए उत्पीड़न के आरोप
चंबा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह के नेतृत्व में टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन कर एडीसी अमित मेहरा को ज्ञापन सौंपा। चालकों ने जिला पुलिस पर कथित उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और बिना ठोस कारण कार्रवाई करने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जय सिंह ने कहा कि कुछ पुलिस कर्मी आम लोगों से धमकाने वाले अंदाज में पेश आते हैं। वर्दी का दुरुपयोग कर नागरिकों को परेशान किया जा रहा है। टैक्सी चालकों ने बताया कि उन्होंने रोजगार के लिए ऋण लेकर वाहन खरीदे हैं। नियमों के तहत उनका संचालन कर रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस आए दिन उन्हें बेवजह रोककर परेशान करती है। किसी कार्रवाई का कारण पूछने पर उन्हें चालान काटने की धमकी दी जाती है।
चालकों में नरेश कुमार, मनीश कुमार, हरिंद्र कुमार, गुरचरण सिंह, विनोद कुमार, ओर बलदेव राज ने कहा कि वे भरमौर चौक पर सीमित संख्या में अपनी टैक्सियां खड़ी करते हैं। वहां एचआरटीसी की टैक्सियां भी संचालित होती हैं जिससे यातायात प्रभावित नहीं होता। उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों से निर्धारित किराया ही लिया जाता है। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और कथित उत्पीड़न जारी रहा तो वे अपनी सभी टैक्सियां प्रशासनिक कार्यालय के बाहर खड़ी कर धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे।