बुधवार शाम 7:00 बजे से शुरू हुआ हंगामा देर रात तक रहा जारी शहर के सुराड़ा मोहल्ले में युवकों के दो गुटों में मारपीट के बाद माहौल काफी तनावपूर...
दो गुटों में मारपीट से तनाव, चक्का जाम, तोड़फोड़, जबरन चाैकी में घुसी भीड़, पुलिस के सामने पिटाई
बुधवार शाम 7:00 बजे से शुरू हुआ हंगामा देर रात तक रहा जारी
शहर के सुराड़ा मोहल्ले में युवकों के दो गुटों में मारपीट के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। बुधवार देर रात को गुस्साई लोगों की भीड़ के साथ कुछ संगठन भी कूद पड़े और सिटी पुलिस चौकी में जबरन घुसकर आरोपी की पुलिस के सामने दरवाजा तोड़कर पिटाई कर दी। इस दाैरान 250 के करीब लोगों ने पुलिस चाैकी का घेराव कर पुलिस के िखलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। बुधवार शाम 7:00 बजे से शुरू हुआ हंगामा देर रात तक जारी रहा। इस दौरान भीड़ ने पुलिस चौकी के दरवाजे के शीशे भी तोड़ दिए और लोगों ने पुलिस चौकी के बाहर सड़क पर बैठ चक्का जाम कर दिया।
खबर लिखे जाने तक लोगों की भीड़ ने की हुई थी पुलिस चौकी की घेरेबंदी
लोगों की भीड़ पकड़े गए आरोपी युवक को उनके हवाले करने और मामले में शामिल अन्य युवकों को पकड़ कर लाने की मांग पर अड़ी रही। उधर, पुलिस ने इस मामले में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तो वहीं, अन्य 30 आरोपियों की पहचान की जा रही है। उधर, प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल काे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी चंबा हितेश लखनपाल पुलिस बल के साथ पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत करने और मामले की तह तक जाने की बात कही। जानकारी के अनुसार शहर के कुछ युवकों पर बुधवार देर शाम बिना नंबर की बाइकों पर हाथों में डंडे, तेजधार हथियार लहराते हुए सुराड़ा मोहल्ला में युवक को बाइक से टक्कर मारने, तेजधार हथियार से चोटिल करने के आरोप लगे हैं। इस दौरान उनके इष्टदेव को गालियां देने के भी आरोप हैं, जिसकी भनक लगते ही शहर के लोगों का हुजूम पुलिस चौकी पहुंचा। खबर लिखे जाने तक लोगों की भीड़ ने पुलिस चौकी की घेरेबंदी की गई है।
मामले को धार्मिक रंग देने की कोशिश: एसपी
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दो गुटों में मारपीट हुई है। पुलिस ने एक आरोपी युवक पर मामला दर्ज कर लिया है और अन्य 30 आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले को धार्मिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि सरासर गलत है।