मंडी जिले के गोपालपुर के बैंजी गांव में काॅलेज छात्रा की निर्मम हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले...
काॅलेज छात्रा की निर्मम हत्या के बाद झाड़ियों में छिप गया था आरोपी, ग्रामीणों ने दो घंटे बाद ऐसे पकड़ा
मंडी जिले के गोपालपुर के बैंजी गांव में काॅलेज छात्रा की निर्मम हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोपालपुर के बैंजी गांव में काॅलेज छात्रा की निर्मम हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। छात्रा की हत्या के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे हैं। अभिभावकों में भी डर का माहौल है, खासकर बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
आरोपी ने लोगों की आंखों में धूल झोंकने का पूरा प्रयास, लेकिन तीसरी आंख से नहीं बच पाया
वहीं छात्रा की निर्मम आरोपी ने वहां से भागकर लोगों की आंखों में धूल झोंकने का पूरा प्रयास किया। अपनी पहचान छुपाने का आरोपी ने पूरा प्रबंध कर रखा था, लेकिन तीसरी आंख से वह नहीं बच पाया। साथ लगते एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसको कुछ दूरी पर नगला नाले के निकट झाड़ियों के बीच से खोज निकाला।
बैंजी गांव छावनी में बदल गया
घटना की सूचना मिलते बैंजी गांव छावनी में बदल गया। सरकाघाट के डीएसपी संजीव कुमार गौतम पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। जिला मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मोर्चा संभाला। गुस्साए ग्रामीणों को शांत करवाकर करीब दो घंटे में आरोपी को भी काबू कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही मां मौके पर पहुंची। वह खून से लथपथ बेटी का शव देखकर खुद को संभाल नहीं पाईं और बिलख-बिलख कर बेसुध हो गईं। मां की चीख पुकार से पूरा इलाका दहल उठा और वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। कुछ ही समय पहले बेटी हंसती-मुस्कराती घर से निकली थी। करीब 15-20 मिनट के भीतर खुशहाल माहौल मातम में बदल गया। घटना स्थल के आसपास खड़े लोग भी इस दर्दनाक दृश्य को देखकर भावुक हो उठे। मृतक छात्रा के पिता बद्दी में ट्रक चालक हैं। बड़ी बहन अपने पिता के साथ बद्दी में ही नौकरी करती है। जबकि, छोटी बहन ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है। साधारण परिवार की इस होनहार बेटी की इस तरह हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यह पहली घटना नहीं है, बल्कि बीते कुछ माह में कई गंभीर वारदातें सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि जिले में अपराध की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।