रखालू के पास चंबा-तीसा मार्ग कुछ देर रहा बंद

भारी बारिश के बीच मंगलवार शाम चंबा-तीसा मुख्य सड़क मार्ग पर रखालू के समीप अचानक भारी भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा और पत्थर आ गए। इससे मार्ग पर वाहनों...

रखालू के पास चंबा-तीसा मार्ग कुछ देर रहा बंद

रखालू के पास चंबा-तीसा मार्ग कुछ देर रहा बंद

भारी बारिश के बीच मंगलवार शाम चंबा-तीसा मुख्य सड़क मार्ग पर रखालू के समीप अचानक भारी भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा और पत्थर आ गए। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की मशीनें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद विभाग ने मार्ग को दोबारा यातायात के लिए सुचारु कर दिया।

चंबा-तीसा सड़क मार्ग चुराह विधानसभा क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है। मार्ग बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सड़क को अधिक समय तक बंद नहीं रहने दिया गया। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) सुनील कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विभिन्न नालों में अत्यधिक मलबा आने से कई स्थानों पर सड़क प्रभावित हुई है। विभाग की मशीनें लगातार संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं और प्रयास किया जा रहा है कि किसी भी स्थिति में सड़क अधिक समय तक बंद न रहे। उन्होंने बताया कि रखालू के पास हुए भूस्खलन के कारण मार्ग कुछ समय के लिए अवरुद्ध हुआ था, जिसे विभाग की मशीनों की मदद से शीघ्र खोलकर यातायात बहाल कर दिया गया है।