राजधानी शिमला में 23 अप्रैल को प्रस्तावित महिला जनाक्रोश पदयात्रा को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला भाजपा शिमला की एक विशेष बैठक प्र...
महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने किया अन्याय
राजधानी शिमला में 23 अप्रैल को प्रस्तावित महिला जनाक्रोश पदयात्रा को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला भाजपा शिमला की एक विशेष बैठक प्रदेश भाजपा कार्यालय दीपकमल में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष केशव चौहान ने की। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे अ। उन्होंने कांग्रेस पर महिला विरोधी नीतियों को लेकर जमकर निशाना साधा। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस ने देश की महिलाओं के साथ बड़ा राजनीतिक धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंचायतों, नगर निकायों, विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी को सीमित करने का काम किया, जो महिलाओं के अधिकारों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने इसे हाल के समय की सबसे बड़ी राजनीतिक घटनाओं में से एक करार दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे प्रदेश सरकार की नाकामियों और जनविरोधी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। विशेष रूप से महिलाओं को कांग्रेस की कार्यशैली से अवगत कराने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को प्रदेशभर में महिला जनाक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगी। बैठक में चौपाल के विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डेज़ी ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश भाजपा सचिव डॉ. संजय ठाकुर, कुसुम सदरेट, प्रदेश भाजपा कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, पूर्व भाजपा प्रत्याशी संजय सूद, सह सचिव प्रेम ठाकुर, किरण बाबा, जिला महामंत्री सत्य प्रकाश मानक, राजेंद्र जिन्ना, शिमला मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान पिंकू, कुसुम्पटी मंडल अध्यक्ष भारत भूषण, राहुल , अध्यक्ष शिवानी ठाकुर, यशपाल ठाकुर,व अन्य उपस्थित रहे।